प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लगने के बाद बुधवार को पुलिस ने जिलेभर में होर्डिंग्स हटाने का अभियान शुरू किया। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि सड़क पर सभी राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर व होर्डिंग्स हटा दिए जाएं। एसएसपी के निर्देश मिलने के बाद पुलिस होर्डिंग हटाने में जुट गई।
कविनगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड, लालकुआं, कविनगर सी ब्लॉक मार्केट, राजनगर, हापुड़ चुंगी से लेकर गोविंदपुरम व एनएच-24 पर यह अभियान चलाया गया। वहीं, कोतवाली पुलिस ने घंटाघर, जीटी रोड और नवयुग मार्केट में होर्डिंग्स हटाए।
नवयुग मार्केट स्थित दुर्गा भाभी चौक पर बसपा विधायक सुरेश बंसल के बैनर पुलिस हटाने लगी तो कुछ समर्थक आ गए। समर्थकों का कहना था कि यह बैनर प्राइवेट बिल्डिंग पर लगे हैं। इसके बाद भी पुलिस ने बैनर हटा दिए।
उधर, सिहानी गेट पुलिस ने मेरठ रोड व राजनगर एक्सटेंशन से भी सभी राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर हटाए। विजय नगर पुलिस ने भी गोशाला फाटक, विजय नगर और प्रताप विहार से होर्डिंग्स हटाए हैं।