विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता के पालन के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी सतर्क हो गए हैं। चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए थानों में नोडल पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। साथ ही असामाजिक तत्वों पर पुलिस निगाह रखे हुए है।
जिले में 11 फरवरी को चुनाव होना है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस तैयार हो गई है। अति संवेदनशील बूथों से लेकर सामान्य बूथों पर पुलिस बल तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही आचार संहिता के नियमों के पालन को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई।
आचार संहिता के बीच बिना अनुमति लिए वाहनों द्वारा प्रचार प्रसार नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही वाहनों में चुनाव के लिए आने वाली प्रचार सामग्री का ब्यौरा भी रखना होगा। इसके अलावा बिना अनुमति के कोई बैठक नहीं होने दी जाएगी।
प्रत्येक थाने में एक नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए प्रत्येक थाने में एक उप निरीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बीच आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।