सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की टीम ने शनिवार को बुलंदशहर गैंगरेप पीड़ितों के बयान दर्ज किए। सीबीआई ने करीब पांच घंटे तक पिता, बेटी और मां से खोड़ा में उनके निवास पर पूछताछ की। बयान दर्ज करने के साथ ही पुलिस की ओर से पूरे मामले में अब तक की कार्रवाई के बारे में पीड़ित परिवार की राय भी सीबीआई टीम ने पूछी।
शाम करीब साढ़े तीन बजे सीबीआई टीम खोड़ा स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंची। पीड़ित पिता ने बताया कि सीबीआई टीम में एक महिला और एक पुरुष अधिकारी थे। टीम ने उनके साथ ही बेटी और पत्नी के बयान दर्ज किए। टीम ने परिवार से घटना के एक-एक पल की जानकारी ली। ज्यादा पूछताछ बेटी से की गई।
टीम ने पुलिस की ओर से की गई अब तक की कार्रवाई और आरोपियों की शिनाख्त से संतुष्ट होने के बारे में भी पूछा। पीड़ित पिता ने सीबीआई टीम को बताया कि उन्होंने, बेटी और पत्नी ने सभी बदमाशों को नहीं देखा था, जिन बदमाशों को देखा था, उनकी पहचान कर ली थी।
उन्होंने सीबीआई टीम को बताया कि वारदात के वक्त उनके भाई और भाभी ने ज्यादातर बदमाशों को देखा था और उन्होंने पहचान की है। रात करीब साढ़े आठ बजे सीबीआई टीम लौट गई। पिता ने बताया कि टीम ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह घटना की जांच जल्द पूरी करेंगे और आरोपियों को कड़ी सजा दिलवाएंगे।
पिता ने बताया कि टीम ने उनसे कहा कि जरूरत पड़ने पर वे पूछताछ के लिए फिर आ सकते हैं।
आज नोएडा में भाई-भाभी से हो सकती है पूछताछ
पीड़ित पिता के भाई और भाभी से रविवार को सीबीआई टीम पूछताछ कर सकती है। ज्यादातर बदमाशों को देखने और शिनाख्त के संबंध में उनसे भी सीबीआई टीम पूछताछ करेगी। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।