मोहन नगर भोपुरा रोड पर पसौंडा गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने भागे कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है।दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी शोएब (20) दिल्ली यूनीवर्सिटी में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने दोस्त नवाज (19) के साथ गाजियाबाद दोस्त से मिलने आ रहा था। पसौंडा के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक कैंटर ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक घिसटती हुई डिवाइडर से जा टकराई। दोनों युवकों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
लोगों ने घायल युवकों को मोहन नगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि नवाज की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, घटना के बाद आरोपी कैंटर चालक कैंटर लेकर हिंडन एयरफोर्स की ओर भाग गया। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोप चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
- हॉर्न बजाता तो बच जाती जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवकों की बाइक सड़क के बीचोंबीच चल रही थी। कैंटर चालक ने हॉर्न नहीं बजाया और सीधे उन्हें टक्कर मार दी। अगर वह हॉर्न बजाता तो युवक की जान बच सकती थी।