फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैब से 15 लाख की नई करेंसी समेत 27.53 लाख बरामद

Sat, 10 Dec 2016 12:22 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला /साहिबाबाद
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आयकर विभाग की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान ओला कैब से 27.53 लाख रुपये बरामद किए हैं, जिसमें 14.84 लाख की नई करेंसी भी शामिल है। शालीमार गार्डन निवासी फिजियोथैरेपिस्ट और एक कोचिंग सेंटर संचालक रुपये लेकर ओला कैब से दिल्ली जा रहे थे।
विज्ञापन


पकड़े गए रुपयों में दो हजार के नोटों की नई करेंसी के अलावा 1000 व 500 की पुरानी करेंसी भी शामिल है। इसके अलावा सौ, पचास, बीस व दस के नोट भी थे। देर रात तक दोनों से पूछताछ जारी थी। 

सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि आयकर विभाग की ओर से इनपुट दिया गया था कि साहिबाबाद से यूपी गेट के रास्ते मोटी रकम दिल्ली ले जाई जाएगी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ओला कैब को रोका और उसमें बैठे दो युवकों के बैग की जांच की।
विज्ञापन


बैग में नोटों की कई गड्डियां थीं। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लिया और रुपये कब्जे में ले लिए। हिरासत में लिए युवकों में से एक ने अपना नाम डा. लवदीप और दूसरे ने अमित बताया है। दोनों शालीमार गार्डन में रहते हैं।

लवदीप फिजियोथैरेपिस्ट है और अमित कोचिंग सेंटर चलाता है। आयकर विभाग को सूचित किया गया और रुपयों की गिनती शुरू की गई। कैब चालक का नाम पता और अन्य जानकारी लेकर छोड़ दिया गया।

आयकर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर प्रद्युम्न कुमार सिंह ने बताया कि नोटों गिनती में दो हजार के नोटों में 14.84 लाख रुपये, 1000 के पुराने नोटों में 4.15 लाख, 500 के पुराने नोटों में 4.35 लाख, 100 के नोटों में 3.91 लाख, 50 के नोटों में 25 हजार, 20 के नोटों में 1680 रुपये और 10 के नोट में 1320 रुपये बरामद किए गए हैं।

रुपयों को सीज कर जांच की जा रही है कि दोनों युवकों के पास ये रुपये कहां से आए। अगर दोनों युवक रुपयों का स्रोत नहीं बता पाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।

युवकों ने कहा, एक संगठन के रुपये हैं
फिजियोथैरेपिस्ट डा. लवदीप ने बताया कि वह हेल्थ एजुकेशन रिसर्च काउंसिल नाम की एक संस्था में रजिस्ट्रार है। यह संस्था हेल्थ के क्षेत्र में तकनीक को बढ़ावा देने का काम करती है। रुपये कई मेडिकल कॉलेजों की ओर से फीस के रूप में जमा कराए गए हैं। संस्था की सदस्यता लेने के लिए फीस जमा करानी होती है।

 बैंक से निकली फ्रैश गड्डियां नहीं, खुद बनाई गड्डियां हैं
नोटों की गिनती के दौरान एक महत्वपूर्ण बात यह सामने आई की 2000 के नोट बैंक से निकली फ्रैश गड्डियों के नहीं है। बल्कि अलग-अलग जगहों से इकट्ठे कर उनकी गड्डियां बनाई गईं है।

आयकर विभाग के अधिकारियों को शक है कि यह रुपयों मजदूरों को लाइन में लगाकर उनसे इकट्ठा किया गया हैं। जांच में यह बात साबित होती है तो दोनों युवकों की मुश्किल बढ़ सकती हैं।

बैंक के बाहर लगे दो युवकों की आपसी बातचीत से मिला क्लू

कौशांबी से पकड़े गए 27.53 लाख रुपयों की जानकारी किसी सर्विलांस से नहीं बल्कि बैंक की लाइन में लगे एक युवक से आयकर विभाग और पुलिस तक पहुंची।  सूत्रों की मानें तो दो दिन पहले वैशाली के एक बैंक की लाइन में लगे युवक आपस में बात कर रहे थे, जिसमें एक युवक दूसरे से कह रहा था कि नौ दिसंबर को एक करोड़ रुपये वैशाली से दिल्ली जाएंगे।

आयकर विभाग और पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार सुबह वैशाली से यूपी बॉर्डर तक चेकिंग शुरू की। पुलिस प्राइवेट गाड़ियों के साथ टैक्सियों की भी चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दोनों युवकों को पकड़ा गया।

सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि काले धन को दिल्ली ले जाने का इनपुट आयकर विभाग को मिला था। जिस पर काम करके यह रुपये पकड़े गए हैं। हालांकि अभी इसे काला धन नहीं कहा जा सकता। जांच के बाद ही सभी बातें साफ हो सकेंगी।  
   
टीएचए के उद्यमियों पर आयकर विभाग-पुलिस की नजर      
सूत्रों की मानें तो आयकर विभाग और पुलिस को इनपुट मिला है कि टीएचए के उद्यमियों ने मजदूरों को लाइन में लगाकर भारी मात्रा में पुराने नोट बदलवाकर नए नोट इकट्ठे किए हैं। इसी सूचना पर पुलिस लगातार काम कर रही है। पुलिस का दावा है कि ट्रांस हिंडन में कहीं भी काले धन का आदान-प्रदान होता है तो तुरंत उसे पकड़ा जाएगा।      
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें