अहिंसा खंड-2 स्थित संवाद विहार सोसायटी में रहने वाले सीए के छात्र का शव फ्लैट के बंद कमरे में नग्न हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। कोचिंग में साथ पढ़ने वाली छात्रा के फ्लैट पर पहुंचने पर घटना का पता चला। इसके बाद आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने मामले को सुसाइड बताते हुए जांच शुरू कर दी है।
गांव चंड़ौली अलीगढ़ निवासी जेपी सिंह बुलंदशहर नरौरा पावर प्लांट में फोरमैन हैं। उनका बेटा विनीत सिंह (25) अहिंसा खंड-2 की संवाद विहार सोसायटी में किराए पर रहता था। वह लक्ष्मीनगर स्थित के इंस्टीट्यूट से सीए की कोचिंग ले रहा था।
शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे कोचिंग में साथ पढ़ने वाली एक युवती विनीत से मिलने पहुंची। कई बार फोन करने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब विनीत ने जवाब नहीं दिया, तो युवती ने सोसायटी के गार्ड और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को मामले की सूचना दी।
सोसायटी के लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा तो गेट से लगा विनीत का नग्न शव पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। हाथ-पैर नीले पड़े थे। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जहर खाकर सुसाइड का लग रहा है, हालांकि कमरे से किसी प्रकार का जहर बरामद नहीं हुआ है। युवक की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
शुक्रवार रात को ही हुई विनीत की मौत
विनीत ने बीती शुक्रवार रात करीब ढाई बजे तक व्हाट्स एप चलाया था। इसके बाद से न तो उसने किसी को कॉल ली, न ही मैसेज पढ़े। शव मिलने के बाद उसके मोबाइल पर 103 मिस्ड कॉल थीं।
ऐसे में पुलिस को शक है कि उसने शुक्रवार रात को ही सुसाइड कर लिया। पुलिस विनीत के मोबाइल का लॉक खोलने का भी प्रयास कर रही है। साथ ही लैपटॉप से भी कई सबूत मिलने का दावा कर रही है।
फोन की रिंग सुनाई दी तो हुई अनहोनी की आशंका
एसएचओ के अनुसार विनीत की साथी छात्रा ने बताया है कि वह शनिवार को कोचिंग इंस्टीट्यूट नहीं आया था। क्लास खत्म होने के बाद से लगातार वह उसे कॉल कर रही थी। मगर उसने कॉल नहीं उठाई, जिसके बाद वह फ्लैट पर पहुंची और गेट नहीं खुलने पर कॉल किया।
इस दौरान फोन की रिंग फ्लैट के बाहर ही सुनाई दे रही थी, मगर विनीत जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद उसे अनहोनी की आशंका हुई और उसने आरडब्ल्यूए के लोगों को इकट्ठा किया।
सीए एंट्रेंस में फेल होना हो सकता है कि सुसाइड का कारण
एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि जांच में सामने आया है कि विनीत आधा दर्जन से अधिक बार सीए एंट्रेस की परीक्षा दे चुका है, मगर हर बार वह फेल हो गया। पिछले प्रयास में वह मात्र डेढ़ नंबर से फेल हो गया था। शुरुआती जांच में परीक्षा में असफल होना आत्महत्या का कारण लग रहा है।
तीन दिन बाद थी पार्टी, बेटा नहीं कर सकता सुसाइड
पिता जेपी सिंह ने बताया कि उनका बेटा सुसाइड नहीं कर सकता। तीन दिन बाद 31 अगस्त को उनकी रिटायरमेंट पार्टी है, जिसके लिए वह तैयारी कर रहा थे। पिता के अनुसार, किसी ने बेटे को जहरीला पदार्थ दिया है, जिससे उसकी मौत हुई है।
आर्थिक तंगी के चलते युवक ने लगाया फंदा
शिव पार्क में किराए पर रहने वाले एक युवक ने शनिवार रात फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पड़ोसी उसके कमरे पर पहुंचे तो घटना का पता चला। पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी से परेशान युवक के जान देने की बात सामने आ रही है।
नोएडा की प्रिंटिंग प्रेस में काम करने वाला सोमेश (25) शिवपार्क कालोनी में किराए पर अकेला रहता था। रविवार सुबह किसी काम से आए पड़ोसियों ने उसका दरवाजा खटखटाया तो सोमेश ने जवाब नहीं दिया।
पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांका तो उसका शव पंखे से लटक रहा था। पड़ोसियों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को उतारा।
एसओ खोड़ा अवधेश यादव ने बताया कि सोमेश ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा का रहने वाला है। शुरुआती जांच में मामला आर्थिक तंगी से सुसाइड का लग रहा है। जांच के बाद सुसाइड के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।