बुलंदशहर गैंगरेप मामले में पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बुधवार को परिजनों ने आरोप लगाया था कि कुछ सपा नेता उन्हें जबरन लखनऊ ले जाने का दबाव बना रहे हैं। बृहस्पतिवार को इस संबंध में खबरें प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया और डीएम निधि केसरवानी के आदेश पर पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
डीएम ने बताया कि उनकी जानकारी में यह बात आई है कि पीड़ित परिवार ने कुछ लोगों पर दबाव बनाने की बात कही है। इसके अलावा यह भी पता चला है कि कुछ असरदार लोग पीड़ित परिवार को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
इसी के चलते इस परिवार की सुरक्षा अब बढ़ा दी गई है। पुलिस बल के साथ ही यहां अतिरिक्त संख्या में महिला कांस्टेबल भी तैनात की गई हैं। दोपहर में एसपी सिटी सलमान ताज ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
एसओ खोड़ा को निर्देश दिए कि आसपास भीड़ इकठ्ठा न होने दें। पीड़ित परिवार से मिलने मीडिया और बड़े नेताओं के अलावा किसी को जाने नहीं दिया जाए। किसी भी नेता के बाउंसर या सुरक्षाकर्मी को हथियार के साथ घर में एंट्री न दी जाए।
उधर, सूत्रों की मानें तो सपा के आला नेताओं ने स्थानीय नेताओं को परिवार से दूर रहने के निर्देश दिए हैं। हालांकि कुछ सपा नेताओं ने पिता से मुलाकात कर बात की।