खालापार में पहुंचे डीआईजी जेके शाही और एसएसपी दीपक कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
खालापार गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की खबर पर देर रात आईजी सुजीत पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डीएम डीके सिंह भी मौके पर पहुंच गए। देर रात अधिकारी कुछ मकानों की तलाशी लेने में जुटे हैं।
खालापार में दो गुटों में मामूली कहासुनी के बाद गोलीबारी में तीन लोगों की मौत होने की जानकारी पुलिस अफसरों को मिली है। फिलहाल यह जानकारी परिजनों को नहीं दी गई है। पुलिस घटना के बाद होने वाली प्रतिक्रिया के डर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने में जुटी है। आईजी मेरठ सुजीत पांडेय भी देर रात खालापार पहुंचे।
आईजी ने एसएसपी दीपक कुमार और डीएम दिनेश कुमार सिंह के साथ खालापार का जायजा लिया। खालापार शहर का मुसलिम बहुल इलाका है। घायल डॉ गुलशेर, उसके पिता हाजी इस्लाम और चाचा अख्तर की हालत यहीं पर नाजुक बनी हुई थी। देर रात तीनों की मेरठ मेडिकल पहुंचने पर मौत हो गई। यह जानकारी रात तक परिजनों को नहीं लगी।
पुलिस किसी हंगामे की आशंका के चलते सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने में जुटी है। खालापार के कुछ मोहल्लों के घरों की एक-एक कर तलाशी ली जा रही है। घरों में हथियार होने का अंदेशा है। माना जा रहा है कि शवों के यहां पहुंचने पर खालापार के हालात बिगड़ सकते हैं। इससे पहले पुलिस सुरक्षा के इंतजाम कड़े करने में लगी हुई है।