खुद को सीबीआई अफसर बताकर एक व्यक्ति ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) लालजी यादव को धमकी दी है। उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी दीपक कुमार से की है। एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने एसएसपी को बताया कि उनके मोबाइल पर 17 मार्च की सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे के बीच करीब 10 फोन कॉल्स आईं, जिनमें एक व्यक्ति बार-बार उनसे गाली-गलौज कर रहा था और धमकी दे रहा था। पहले उसने कहा कि एक शिक्षक की छुट्टी की एप्लीकेशन मंजूर कर ली जाए।
उसकी छुट्टी मंजूर कर ली गई, इसके बावजूद वह व्यक्ति उन्हें फोन पर कॉल कर धमकाता रहा। कहता रहा कि वह सीबीआई में अफसर है। उन्हें अगर गाजियाबाद में रहना है तो सही से रहें, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। उनका यहां रहना दूभर कर देगा। परेशान होकर उन्होंने एसएसपी से इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस नंबर से धमकी दी गई है, वह नंबर दिल्ली में चल रहा है। एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई के साथ-साथ सीओ द्वितीय मनीष मिश्र को इसकी जांच के निर्देश दिए हैं।