संजयनगर सेक्टर-23 में मिठाई की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कालोनी में लगातार हो रही चोरी के बाद व्यापारियों ने दुकान बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।
पीड़ित जनवेद कुमार संजयनगर सेक्टर-23 के एम ब्लॉक में परिवार के साथ रहते हैं और इसी बिल्डिंग में एक मिठाई की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह सात बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है।
इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखे करीब आठ हजार रुपये और कुछ खाने पीने का सामान भी गायब था। इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कि तो उसमें सुबह चार बजे एक चोर दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता दिख रहा है।
उन्होंने इस बारे में साथी दुकानदारों को बताया और संजयनगर सेक्टर-23 चौकी पर तहरीर दी। सीओ सेकेंड ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है।
व्यापारियों ने किया प्रदर्शन, बंद की मार्केट
चोरी की के बाद व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मार्केट की दुकानों को करीब चार घंटे बंद रखा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गोयल ने बताया कि कालोनियों में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच-छह महीने में क्षेत्र में करीब 40 से अधिक चोरी हो चुकी है। इन चोरियों में से पुलिस केवल एक का ही खुलासा कर पाई है।