राजनगर सेक्टर-10 में सोमवार को फल विक्रेता कुलदीप ने महिला से चेन लूटकर भाग रहे एक स्नैचर को दबोच लिया और चेन बरामद कर ली। बाद में लोगों ने स्नैचर को जमकर धुना और कविनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस इसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
वाकया दोपहर करीब साढ़े 12 बजे का है। आरडीसी में रिलायंस कंपनी में जॉब करने वाली नीलिमा निवासी संजयनगर बीमार सहकर्मी को देखने गार्गी अस्पताल जा रही थीं। नीलिमा ने बताया कि राजनगर सेक्टर-10 में ऑटो से उतरकर वह पैदल चली ही थीं कि एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और बाइक स्टार्ट कर आगे खड़े अपने साथी के साथ भागने लगा।
यह देखकर स्कूटी सवार एक युवक और फल विक्रेता कुलदीप उनके पीछे दौड़े। कुलदीप ने बाइक पर पीछे बैठे बदमाश का कॉलर पकड़कर सड़क पर गिरा लिया। हालांकि हेलमेट पहने बाइक चला रहा बदमाश भाग गया।
इस दौरान भीड़ लग गई, लोगों ने दबोचे गए बदमाश की जमकर धुनाई की और उससे चेन बरामद कर कविनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
एसएचओ हेमंत राय ने बताया कि पकड़ा गया स्नैचर हरेंद्र मुरादनगर का रहने वाला है। इसके खिलाफ सिहानी गेट, कविनगर और साहिबाबाद आदि में लूट व चोरी के 25 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है। तीन माह पहले ही जेल से छूटा है।
इसका फरार साथी विकास है। वह भी मुरादनगर क्षेत्र का ही रहने वाला है। लोगों और पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाने वाले कुलदीप को शाबाशी दी। एसएचओ ने बताया कि हरेंद्र वही बदमाश है, जो करीब एक साल पहले साहिबाबाद में महिला से पर्स झपटकर भाग रहा था। तब इसे विधायक अमर पाल शर्मा ने बहादुरी दिखाते हुए पकड़ा था।