बदमाशों की गोली से घायल भाजपा ने और ग्राम प्रधान के पिता ब्रिजेश्वर त्यागी की दिल्ली के मैक्स हास्पिटल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार देर रात मौत हो गई। परिजनों ने गांव निवासी एक युवक समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नौरसपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर बीजेपी कार्यकर्ता ब्रिजेश्वर त्यागी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। परिजनों ने गांव निवासी दीपक पर जमीनी विवाद के चलते फायरिंग का आरोप लगाया था। लेकिन घटना के पीछे पिछले साल हुए पंचायत चुनावों में हुई रंजिश का कारण भी सामने आ रहा है।
देर रात उपचार के दौरान दिल्ली के मैक्स हास्पिटल में ब्रिजेश्वर त्यागी ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम चार बजे पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने नौरसपुर गांव के श्मशान घाट पर ब्रिजेश्वर त्यागी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सीओ श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि परिजनों ने गांव निवासी दीपक समेत सात लोगों पर जमीनी रंजिश के चलते हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे विधायक
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर और भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत त्यागी परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से परिवार को सुरक्षा देने और हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।