फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सौतेले बेटे का अपहरण कर बसंती ने मांगी फिरौती

Sat, 06 Aug 2016 12:29 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला लोनी
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लक्ष्मी गार्डन कालोनी में सौतेली मां ने अपने भाई के साथ मिलकर तीन माह के मासूम का अपहरण कर लिया। उसे छोड़ने के लिए एवज में उसने तलाकशुदा पति से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। मंगलवार को अपहरण किया गया था, पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम सौतेली मां और उसके भाई को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है।  
विज्ञापन


मूलरूप से मैनपुरी निवासी जूस विक्रेता जैन प्रकाश 26 वर्ष से लोनी की लक्ष्मी गार्डन कालोनी में रह रहे हैं। 22 वर्ष पूर्व उनकी शादी एटा निवासी बसंती से हुई थी और दोनों की पांच संतानें भी हुईं, लेकिन मनमुटाव के चलते तीन वर्ष पूर्व तलाक हो गया।

बच्चे जैन प्रकाश के पास ही रहे, जिनसे बसंती मिलने आती रहती थी। तलाक के बाद जैन प्रकाश ने सीता से दूसरी शादी कर ली, जिससे उनका तीन माह का बेटा है। गत एक अगस्त को बसंती अपने बच्चों से मिलने पहुंची और जैन प्रकाश की गैर मौजूदगी में वह बच्चों के साथ घर पर सो गई। दो अगस्त की सुबह करीब पांच बजे बसंती तीन माह के बच्चे का अपहरण करके ले गई।
विज्ञापन


उसी दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे बसंती ने फोन कर जैन प्रकाश से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। उसने जैन प्रकाश से कहा कि सेवाधाम पुलिस चौकी के पास उसके भाई अतुल जैन को फिरौती की रकम पहुंचाए।

जैन प्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। फिरौती की रकम पर मोलभाव हुआ और एक लाख रुपये में बच्चे को मुक्त करना तय हो गया। पुलिस ने जाल बिछाया और बृहस्पतिवार की शाम जैन प्रकाश को फिरौती की रकम लेकर सेवाधाम पुलिस चौकी के पास भेजा।

लोनी बार्डर थाना एसओ रणवीर सिंह ने बताया कि फिरौती की रकम लेने आए बसंती और अतुल जैन को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

35 हजार रुपये और लैपटॉप के लिए किया अपहरण
जैन प्रकाश के पास बसंती के 35 हजार रुपये और एक लैपटॉप था। उसने पुलिस को बताया कि जैन प्रकाश मांगने के बावजूद वापस नहीं कर रहा था, जिस पर बच्चे का अपहरण कर लिया। उसने बताया कि वह बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाना चाहती थी और राजस्थान में तिजारा लेकर गई थी। जहां जैन मंदिर के पास एक धर्मशाला में ठहरी थी।

 नेट सर्फिंग की शौकीन है बसंती
पुलिस ने बताया कि बसंती केवल छठीं कक्षा तक पढ़ी है, लेकिन उसे इंटरनेट सर्फिंग का शौक है। उसका भाई अतुल जैन दिल्ली के भजनपुरा का रहने वाला है और ऑटो चलाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें