गाजियाबाद की बागू कालोनी से बीटेक छात्र पुरुषोत्तम उर्फ राहुल (20) चार दिन से रहस्यमय हालत में गायब है। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराकर ऑनर किलिंग की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक पुरुषोत्तम का दिल्ली निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। विजयनगर पुलिस छात्र की तलाश कर रही है।
बागू कालोनी के खैराती नगर में चरण सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलर हैं। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा पुरुषोत्तम एनएच-24 किनारे एबीईएस कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है।
14 अप्रैल से है गायब
ऑनर किलिंग
- फोटो : demo
वह 14 अप्रैल को सुबह नौ बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। कॉलेज के बाद दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए फिजिकल एग्जाम देने की बात कहकर दिल्ली निकला था।
सुबह 11 बजे परिजनों ने उसकी लोकेशन पता करने के लिए फोन किया तो मोबाइल बंद बता रहा था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 15 अप्रैल को विजयनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुरुषोत्तम के दोस्तों से पुलिस और परिजनों को पता चला कि उसका प्रेम प्रसंग दिल्ली के शास्त्री पार्क निवासी एक लड़की से चल रहा था। परिजन लड़की के घर गए तो पता चला कि लड़की भी 14 अप्रैल से गायब है। एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
मसूरी में देखी गई थी पुरुषोत्तम की ‘गर्लफ्रेंड’
बकौल पुरुषोत्तम के परिजन, लड़की के परिजनों ने उन्हें बताया है कि 15 अप्रैल को उनकी बेटी मसूरी थानाक्षेत्र में देखी गई थी।
उसे संदिग्ध हालात में अकेला घूमता देख मसूरी थानाक्षेत्र में गश्त करने वाली एक पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मी ने रोका था और उन्हें इसकी जानकारी दी थी।
उस वक्त परिजनों ने पुलिसकर्मी से कहा था कि उसे छोड़ दें, वह अकेले घर पहुंच जाएगी। इसके बाद भी वह घर नहीं पहुंची।