जीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लगने से स्कूटी सवार बीटेक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद आरोपी चालक भाग गया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।मृतक गौरव (28) शिवपुरी विजयनगर में परिवार के साथ रहता था।
उसने इसी साल एबीईएस कॉलेज से बीटेक किया था, जबकि उसके पिता शिवकुमार मानेसर गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। शिवकुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गौरव साथी विनय (20) निवासी शिवपुरी के साथ स्कूटी से चौधरी मोड़ से घंटाघर की ओर जा रहा था।
जीटी रोड स्थित रमतेराम टी प्वाइंट पर उन्हें एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क पर सिर लगने से गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूटी सवार छात्रों ने नशे में धुत एक युवक को बचाने का प्रयास किया था।
इसी दौरान छात्रों की स्कूटी को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और फिर स्कूटी की टक्कर से विकास नामक युवक भी घायल हो गया। इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एमएमजी में भर्ती कराया है, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के छुट्टी दे गई, जबकि विनय को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में शुक्रवार को गौरव के पिता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। नगर कोतवाल का कहना है कि पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है।परिजनों ने बताया कि बीटेक पास करने के बाद गौरव की गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में प्लेसमेंट हुआ था।
वहां उसे जल्द ही नौकरी ज्वाइन करनी थी। उधर, विनय पॉलीटेक्निक का छात्र बताया गया है। शिवकुमार ने बताया कि उन्हें पुलिसकर्मियों ने गौरव के मोबाइल फोन से हादसे की सूचना दी थी।
हेलमेट ने बचाई विनय की जान
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विनय स्कूटी चला रहा था, जबकि गौरव पीछे बैठा था। विनय ने हेलमेट पहन रखा था और गौरव बिना हेलमेट के था। हेलमेट की वजह से उसकी जान बच गई। लोगों का कहना है कि वाहन की टक्कर के बाद दोनों छात्र रोड पर सिर के बल जा गिरे थे। अगर गौरव भी हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।