गीतांजलि विहार कालोनी में शुक्रवार सुबह दो भाइयों के बीच मारपीट में बड़े भाई की गला दबने से मौत हो गई। पिता ने छोटे बेटे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक बड़ा भाई शराब पीकर अपनी पत्नी को पीट रहा था। भाभी को बचाने के लिए छोटा भाई बड़े भाई से भिड़ गया। इसी दौरान बड़े भाई की गला दबने से मौत हो गई।
गीतांजलि विहार कालोनी में मनोज (30) परिवार के साथ रहता था।
वह झिलमिल कालोनी स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था। बृहस्पतिवार रात शराब के नशे धुत होकर वह रात एक बजे के करीब घर पहुंचा और पत्नी अनीता के साथ मारपीट करने लगा।
पिता के समझाने पर वह शांत होकर सो गया। शुक्रवार सुबह चार बजे उठकर उसने पत्नी के साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी, जिस पर पत्नी ने शोर मचाया। भाभी की आवाज सुनकर देवर अंकुर बाहर आया और भाई का विरोध किया।
अंकुर के विरोध करने पर मनोज ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान अंकुर ने मनोज का गला पकड़ लिया और काफी देर तक गला दबने से मनोज की मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने छोटे बेटे के खिलाफ शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने अंकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ अनिल यादव ने बताया कि हत्या के उद्देश्य से गला नहीं दबाया गया था। भाभी को मारपीट से बचाने के दौरान झगड़े में बड़ा भाई की मौत हो गई।