कविनगर पुलिस ने ट्रांसफार्मर से सामान चुराकर बेचने वाले एक और गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे ट्रक समेत 15 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।
पकड़े गए आरोपी दीन मोहम्मद उफ दीनू निवासी बाबूगढ़ हापुड़, परवेज निवासी मसूरी, इमरान निवासी पिलखुवा हापुड़ और दिलशाद निवासी ताज कालोनी मसूरी हैं। गैंग का मास्टर माइंड दीन मोहम्मद है। चारों आरोपियों पर बुलंदशहर, दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ में करीब दो दर्जन चोरी और लूट के मुकदमे दर्ज हैं।
दीन मोहम्मद और परवेज हापुड़ की एक दुकान पर बिजली का काम सीख चुके हैं। एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि बीते कुछ दिनों से कविनगर क्षेत्र के सदरपुर और रईसपुर इलाके में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। पुलिस गैंग की तलाश में जुटी थी।
बुधवार देर रात पुलिस ने एक सूचना पर आइडियल कॉलेज के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक ट्रक, 10 बंडल बिजली के तार, एक तमंचा, तीन चाकू व बिजली के औजार बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
एसपी सिटी का कहना है कि आरोपी चलती बिजली की लाइन को रस्सी और लोहे की चेन डालकर शट डाउन करते थे। इसके बाद वह ट्रांसफार्मर को खोल कर उसमें से कीमती सामान चोरी करते थे। इस दौरान अगर कोई उनका विरोध करता था तो वह हथियारों के बल पर धमका कर और मारपीट कर घायल कर देते थे।
चारों आरोपी पूर्व में भी लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। बता दें कि बुधवार को भी कविनगर पुलिस ने इसी तरह के एक गैंग के सात लोगों को गिरफ्तार कर कई घटनाओं का खुलासा किया था।
संभल और मेरठ में बेचते थे चोरी का माल
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ट्रांसफार्मर से चुराए हुए माल को संभल, मेरठ, हापुड़ और दिल्ली के कबाड़ियों को बेचते थे। उन्होंने पूछताछ के दौरान बुलंदशहर, कविनगर क्षेत्र, मेरठ और हापुड़ से सटे इलाकों में ट्रांसफार्मर चोरी की कई एक दर्जन से ज्यादा घटनाओं को कबूला है।