सिटी फॉरेस्ट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एयरटेल के कैश एजेंट को दौड़ाकर उसके पैर में गोली मार दी और उससे एक लाख 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सिहानी गेट पुलिस रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित नवीन घूकना के रहने वाले हैं। वह एयरटेल में कैश कलेक्शन एजेंट हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को नंदग्राम के एक स्टोर से एक लाख 20 हजार रुपये कलेक्ट कर निकले थे। वह बाइक लेकर राजनगर एक्सटेंशन रोड से होते हुए सिटी फॉरेस्ट के पास पहुंचे थे।
तभी पीछे से बाइक पर तीन बदमाश आए और उन्हें रुकने को कहा। उन्होंने बाइक नहीं रोकी तो एक बदमाश ने चलती बाइक पर ही उनका बैग छीनने की कोशिश की। जब बदमाशों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा तो उन्होंने अपनी बाइक दौड़ा दी।
कुछ दूरी पर बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। नवीन ने बताया कि वह बदमाशों से बचने के लिए बैग लेकर भागने लगे तो बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद तीनों बदमाश उनसे रुपयों का बैग लूटकर भाग गए।
नवीन ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को और बाद में दोस्तों व परिजनों को सूचना दी। खून बहता देख राहगीर रुके और नवीन को साहिबाबाद स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने वहां से निकल रहे एक छात्र को चेक किया और एक दंपति को भी रोककर उससे पूछताछ की। बाद में अस्पताल में ही सिहानी गेट पुलिस ने नवीन से तहरीर ली। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र का कहना है कि शुरूआती जांच में किसी नजदीकी का हाथ होने का सुराग लग रहा है। वहीं घटना के बाद से आसपास के इलाकों में चेकिंग की जा रही है।
रेकी कर किसी नजदीकी ने ही दिया है वारदात को अंजाम
पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि नवीन के किसी नजदीकी ने रेकी कर लूट की घटना को अंजाम दिया है। नवीन के मुताबिक एक दो लोगों को ही पता था कि वह नंदग्राम से सोमवार को लाखों का कैश लेकर जाएगा। बदमाशों ने रेकी के बाद ही सिटी फॉरेस्ट रोड को घटना के लिए चुना था। हालांकि पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।