दारोगा से अभद्रता, सिपाही को पीटा
- वसुंधरा में दो कारों में हुई टक्कर के बाद पहुंची थी पीसीआर
- एक राजनीतिक पार्टी के बताए जा रहे आरोपी, पुलिस ने दोनों को छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के प्रह्लादगढ़ी में शुक्रवार देर रात दो कारों के टकराने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे दरोगा से एक कार सवार दो युवकों ने बदसलूकी की और बाद में कांस्टेबल को पीटा। दोनों युवक एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को अगले दिन ही थाने से छोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों की मानें तो वसुंधरा में देर रात दो पक्षों के बीच कार की टक्कर के बाद विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची पीसाआर पर तैनात दरोगा से एक कार सवार दो युवकों ने अभद्रता की। विरोध करने पर युवकों ने सिपाही को पीटा। मारपीट में सिपाही के आगे के दो दांत टूट गए। इस घटना के बाद दरोगा और सिपाही चले गए। सूचना पर अन्य पुलिस वाले पहुंचे और दोनों युवकों को थाने ले आए। लेकिन सुबह तक पार्टी नेताओं का दबाव बढ़ने के बाद पुलिसकर्मी ने आरोपियों को थाने से ही छोड़ दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही। उधर, सीओ इंदिरापुरम राकेश मिश्रा का कहना है कि वसुंधरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना थी। दरोगा से बदसलूकी और कांस्टेबल से मारपीट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। अगर ऐसा है कि इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
दरोगा से मारपीट में दो छात्र गए थे जेल
दो दिन पहले फ्रांस से लौटे छात्र की एक एसआई से कहासुनी और हाथापाई हो गई थी। इस पर पुलिस ने छात्र और उसके भाई के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया था। इसके अलावा लिंक रोड थाना क्षेत्र में भी एक एसआई से एक रेस्तरां के संचालक ने गाली गलौच की थी। लिंकरोड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। राजनीतिक पार्टी का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने उसे भी थाने से ही जमानत दे दी थी।