एसीपी की कार से उड़ाए दो लाख, लैपटॉप
जयपुर पुलिस में तैनात एसीपी को चकमा देकर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार से दो लाख रुपये, लैपटॉप और जरूरी कागजात उड़ा लिए। नोएडा से लोनी जाते समय बुधवार दोपहर यह वारदात लिंक रोड पर साईं उपवन के पास हुई। एसीपी ने घंटाघर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
जयपुर में तैनात एसीपी पीयूष शिशौदिया का परिवार गोविंदपुरम में रहता है। वह फिलहाल गाजियाबाद आए हुए हैं। बुधवार को वह कार से नोएडा से लोनी जा रहे थे। न्यू लिंक रोड पर गंगाजल प्लांट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार से तेल निकलने की बात कही। एसीपी ने उनको अनदेखा कर दिया। साईं उपवन के पास पहुंचकर उन्होंने कार रोकी और उतरकर कार चेक करने लगे। जब वह वापस कार में आए तो सीट पर रखा बैग गायब था। बैग में 2 लाख रुपये, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज थे। सूचना पर विजय नगर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में उन्होंने घंटाघर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएचओ कोतवाली गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।