डासना जेल में रची गई थी अनुज पर हमले की साजिश
गाजियाबाद। टीवी पत्रकार व पार्षद पति अनुज चौधरी पर हमले की साजिश डासना जेल में रची गई थी। सहारनपुर के एक बदमाश को सुपारी दी गई थी। बाद में यह बदमाश डासना जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर हो गया था। परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी, बावजूद इसके पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय अनुज को एक गनर देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली। परिजनों से मिले इनपुट पर पुलिस काम करती तो शायद अनुज चौधरी पर हुए जानलेवा हमले को टाला जा सकता था।
सूत्रों की मानें तो कुछ माह पूर्व सहारनपुर का एक बदमाश डासना जेल में बंद था। यही पर आरोपी पक्ष ने अनुज की हत्या की सुपारी दी थी। बाद में सुपारी लेने वाला बदमाश डासना जेल से वेस्ट यूपी की ही दूसरी जेल में ट्रांसफर हो गया था। सूत्रों की मानें तो इस बदमाश की बातचीत सुपारी देने वाले के परिवार के एक सदस्य से जेल से ही फोन पर बातचीत भी होती थी। इसकी भनक अनुज और उनके परिजनों को दो महीने पहले लग चुकी थी। उन्होंने तत्कालीन एसएसपी और कविनगर एसएचओ को इसके इनपुट भी दिए थे, बावजूद इसके पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और अनुज को गनर मुहैया करा दिया गया। सूत्रों की मानें तो सहारनपुर के इस गैंग ने बाद में अनुज पर हमला करने से मना कर दिया था, लेकिन साजिश करने वाले ने एक अन्य गैंग को सुपारी दे दी। अब दूसरे गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस को मिले अहम सुराग, जल्द खुलासे का दावा
पुलिस सूत्रों की मानें तो पत्रकार अनुज चौधरी पर हमला करने वाले गैंग के बारे में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस की टीमें हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए वेस्ट यूपी के कई जिलों में दबिश दे रही हैं। हालांकि फिलहाल बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी घटना के जल्द खुलासे और बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं।
हालत में मामूली सुधार, लंबा चलेगा इलाज
कातिलाना हमले में घायल हुए अनुज चौधरी की हालत में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की मानें तो उनका इलाज लंबा चलेगा। गोलियां लगने की वजह से उनके हाथ की नसें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वह अभी भी यशोदा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
--
घर पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी
जानलेवा हमले के बाद अनुज चौधरी के परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद से ही अनुज के रजापुर स्थित घर पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
--
कोट
अनुज चौधरी के हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगी हुई हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - वैभव कृष्ण, एसएसपी