पुलिस ने आरोपी छात्र और शिक्षिका से की पूछताछ
- दूसरी कक्षा की छात्रा से रेप का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के एक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में सोमवार को पुलिस ने शिक्षिका और आरोपी बच्चे से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी छात्र ने दुष्कर्म करने की बात से इंकार किया है। वहीं पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने स्कूल की शिक्षिका और आरोपी छात्र से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि आठ नवंबर को डीएम के आदेश पर स्कूल बंद कर दिया गया था। स्कूल बंद होने की सूचना न मिलने पर कई बच्चे स्कूल पहुंचे थे। पीड़ित बच्ची और आरोपी छात्र भी स्कूल आए थे। बच्ची के पिता को फोन कर ले जाने को कहा, लेकिन परिजन दो बजे तक नहीं पहुंचे। इसके बाद प्रधानाचार्या के कहने पर वह बच्ची को अपने घर ले गई। शिक्षिका का कहना है कि अगर बच्ची के साथ ऐसा कुछ हुआ था तो वह उन्हें बताती, लेकिन बच्ची ने उन्हें नहीं बताया। शाम को चार बजे बच्ची की मां उनके घर से बच्ची को साथ ले गई। वहीं आरोपी ने पुलिस को बताया कि स्कूल में बच्ची उसके कपड़े खींच रही थी। इससे नाराज होकर उसने बच्ची को सिर्फ थप्पड़ मारा था। पुलिस का कहना है कि स्कूल के बच्चों ने उसी दिन दोनों के बीच झगड़े की ही बात बताई है। एसपी सिटी ने बताया कि सोमवार बच्ची का मेडिकल कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि बीते आठ नवंबर को साहिबाबाद स्थित एक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा से छठवीं कक्षा के एक छात्र ने दुष्कर्म किया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए करीब एक महीने तक वे स्कूल का चक्कर लगाते रहे। स्कूल की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार को परिजनों ने साहिबाबाद थाने में मामले की शिकायत दी थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी बच्चे के खिलाफ रेप की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता परिजनों का आरोप है कि उन पर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा । साथ ही आरोप है कि बच्ची को ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका के पास भी फोन कर समझौता कराने के लिए धमकी दी जा रही है। पुलिस धमकी देने वाले लोगों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।