तस्करी कर खतौली ले जाई जा रही 400 पेटी शराब बरामद
गाजियाबाद। मोदीनगर पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर खतौली और मुजफ्फरनगर ले जाई जा रही 400 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। तस्करी में शामिल उसका एक भाई और दूसरा अन्य साथी फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
एसपी देहात अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि मोदीनगर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मंगलवार सुबह कादराबाद रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चेकिंग के लिए मिनी ट्रक रोका गया तो चालक भागने लगा। पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया और मिनी ट्रक की तलाशी ली। उसमें से अरुणाचल मार्का की 400 पेटी शराब बरामद हुई है। इनकी कीमत मार्केट में करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। यह शराब खतौली ले जाकर सप्लाई की जानी थी। एसपी देहात ने बताया कि ट्रक चालक (मालिक) राजबीर निवासी नामुंडा पानीपत, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजबीर का भाई कुक्कू निवासी नामुंडा और अन्य साथी राकेश निवासी घटायन, खतौली फरार है। एसपी देहात ने बताया कि राजबीर ने मिनी ट्रक के आगे और पीछे प्लेट पर अलग-अलग नंबर लिखे हुए थे। ताकि चेकिंग के दौरान भागने लगे तो पुलिस नंबर ट्रेस न कर पाए।
ऐसे कर रहे थे शराब तस्करी
सीओ मोदीनगर केपी मिश्रा ने बताया कि मिनी ट्रक में तस्करों ने शराब की पेटी रख उनके चारों ओर भूसी से भरे बोरे लगा दिए जाते थे। चेकिंग में भी गाड़ी में शराब होने का अंदाजा लगाना मुश्किल था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोरे हटाकर चेकिंग की तो शराब की 400 पेटी बरामद हुई।