थिनर का ड्रम काटने के दौरान धमाका, एक घायल
लोनी। बार्डर थाना क्षेत्र के नाईपुरा कालोनी में रविवार दोपहर कबाड़ के गोदाम में गैस कटर से थिनर का खाली ड्रम काटते समय धमाका हो गया। धमाके के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में गोदाम मालिक ने मजदूर को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी मौका मुआयना कर मामले की जांच में जुटे हैं।
जानकारी के मुताबिक राजीव गार्डन कालोनी निवासी शमशुद्दीन का 80 फुटा नाईपुरा कालोनी में एक कबाड़ का गोदाम है। पिछले तीन साल से वह यहां गोदाम चला रहे हैं। उनके गोदाम में साजिद काम करता है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे साजिद गैस कटर से थिनर का खाली ड्रम काट रहा था। काटने के दौरान अचानक ड्रम में गैस भरने से धमाका हो गया। धमाके के दौरान ड्रम का कुछ हिस्सा उसके शरीर पर जा लगा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गोदाम मालिक साजिद को लेकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी मिलने पर पुलिस और खुफिया विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसएचओ लोनी बार्डर शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना स्थल का मुआयना कर एक टीम को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रवाना कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।