बॉयलर में गिरकर मजदूर की मौत
साहिबाबाद। मोहन नगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में बृहस्पतिवार को बॉयलर में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि मजदूर के परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
अर्थला में चंद्रिका प्रसाद चौरसिया किराए के मकान में रहते थे। वह मोहन नगर स्थित एक प्लास्टिक गलाने की फैक्ट्री में काम करते थे। वह बृहस्पतिवार रात बॉयलर में प्लास्टिक डाल रहे थे। तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बॉयलर में गिर गए। फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उन्हें बॉयलर से निकाला और उन्हें पास के निजी अस्पताल लेकर गए। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ साहिबाबाद राकेश कुमार सिंह का कहना है मृतक चंद्रिका के परिजनों ने मामले में कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।