सेल्स एग्जीक्यूटिव के घर में
संदिग्ध हालात में लगी आग
रात के वक्त दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी आग, बाहर से बंद था छत का दरवाजा
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रताप विहार में रविवार देर रात निजी कंपनी में तैनात सेल्स एग्जीक्यूटिव के घर की दूसरी और तीसरी मंजिल पर बने कमरों में संदिग्ध हालात में आग लग गई। परिवार ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था। सोमवार सुबह उठने पर पता चला कि ऊपरी मंजिल के कमरों में आग से सारा सामान जल गया है। पीड़ित परिवार के लोगों को शक है कि किसी ने छत के रास्ते आकर आग लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टेक महेंद्रा कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव नरेंद्र पाल प्रताप विहार के सेक्टर-12 स्थित एफ ब्लाक में परिवार के साथ रहते हैं। नरेंद्र की मां रेलवे में कर्मचारी हैं और गाजियाबाद में ही तैनात र्है। नरेंद्र ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे वह ऑफिस से घर आए। खाना खाने के बाद परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर ही सो गए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे उठकर ऊपर दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो कमरे का सारा सामान जला हुआ था। इसके बाद तीसरी मंजिल पर जाकर देखा तो यहां भी यही हाल था। कमरों के फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जले हुए थे। नरेंद्र का आरोप है कि आग किसी ने जानबूझ कर लगाई है, छत का दरवाजा बाहर से बंद था। बाहर लगे सबमर्सिबल का पाइप भी टूटा था। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसएचओ विजय नगर नरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले कि जांच की जा रही है।