पुलिस चौकी के पास कारोबारी के घर में चोरी
साहिबाबाद। करनगेट पुलिस चौकी के पास राजेंद्र नगर सेक्टर-दो में शनिवार रात एक केबल कारोबारी के घर का ताला तोड़कर बदमाश पांच लाख के जेवरात और ढाई लाख कैश चोरी करके ले गए। वारदात के वक्त पीड़ित परिवार दिल्ली के करोलबाग में खरीदारी करने गया था। देर रात लौटने पर पीड़ित को चोरी का पता चला। उन्होंने साहिबाबाद थाने में तहरीर दी है।
साहिबाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-दो में अजय कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह दिल्ली के करोलबाग में केबल का कारोबार करते हैं। अजय ने बताया कि वह परिवार के साथ शनिवार शाम दिल्ली के करोलबाग में खरीदारी करने निकल गए। रात नौ बजे के करीब जब वह घर लौटे तो गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 2.5 लाख रुपये, पांच लाख के जेवरात गायब थे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, मगर बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं चला। अजय कुमार ने साहिबाबाद थाने में तहरीर दी है। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी नहीं लगे हैं। पुलिस की एक टीम को चोरोें की तलाश में लगाया गया है।
100 मीटर की दूरी पर है पुलिस चौकी
घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर करन गेट पुलिस चौकी है, मगर पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। पीड़ित के कंट्रोल रूम में सूचना देने के बाद पुलिस को चोरी की जानकारी हुई। घटना से आसपास के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस गश्त न बढ़ाए जाने से बदमाश बेखौफ हैं।
पुलिस को किसी करीब पर शक
पुलिस को वारदात में कारोबारी के करीबी के भी शामिल होने की आशंका है। पुलिस करीबियों की कॉल डिटेल और उनकी लोकेशन ट्रैस कर रही है। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने दरवाजे, अलमारी समेत टेबल के फिंगर प्रिंट लिए।
एक माह में 15 से अधिक वारदातें
पिछले एक माह में बदमाशों ने 15 से अधिक बंद घरों व दुकानों को निशाना बनाया है। सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद होने के बाद भी पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इंदिरापुरम सीओ आफिस के पास बदमाशों ने मनोज और आशीष के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और सामान ले गए थे। पुलिस की टीम जांच में लगी थी, मगर केस नहीं खोल सकी।