10 लाख के जेवर के साथ कुख्यात चोर गिरफ्तार
साहिबाबाद। दिल्ली-एनसीआर में बंद घरों और फ्लैटों में घुस कर चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को इंदिरापुरम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवर और ताला खोलने के औजार बरामद किए हैं। आरोपी ने करीब 200 से ज्यादा चोरी की वारदातों को करना कबूल किया है। उस पर 50 से भी ज्यादा मुकदमे दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में दर्ज हैं। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि अभय खंड चौकी क्षेत्र के गौड़ ग्रीन चौराहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार में संदिग्ध आता दिखा। वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने चोरी की फिराक में घूमने की बात कबूल की। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राजेश उर्फ सुमित निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब दस लाख रुपये कीमत के 10 से अधिक सोने की चेन, घड़ी, अंगूठियां और अन्य सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही घर के ताला तोड़ने व खोलने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली एनसीआर में बंद फ्लैटों और घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी कॉलोनियों और सोसायटियों में बिजली मिस्त्री, हाउस किपिंग, गेस्ट बनकर पहले बंद पड़े फ्लैटों की रेकी करते थे। उसके बाद आसानी से बंद पड़े फ्लैटों के ताले तोड़कर सामान लेकर फरार हो जाते थे। वहीं पहचान छिपाने के लिए डीवीआर और सीसीटीवी भी साथ ले जाते थे। राजेश का एक साथी रौक्खा बंगाली नोएडा में चोरी करते समय रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इस गैंग को पुलिस अपने रडार पर ले सकी। आरोपी पर 50 से भी ज्यादा मुकदमे दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में दर्ज हैं। इंदिरापुरम की 18 चोरियों का खुलासा हुआ है।
चोरी कर बनाई करोड़ों की संपत्ति
पकड़े गए आरोपी राजेश ने बताया कि उसने चोरी के जरिए करोड़ों की संपत्ति बना ली है। आरोपी दिल्ली की कॉलोनी में रहता है। उसके सभी साथी भी बंगाल से दिल्ली आकर बंगाली कॉलोनी में रहते हैं। आरोपी दिन में सोसायटियों में घूम-घूम कर घरों की रेकी कर मौका पाकर वारदात को अंजाम देता था।