बाइक, कार से दिया कपड़े की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में बृहस्पतिवार की रात को चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब नौ लाख रुपये के कपड़े व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। चोरी करता हुआ चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना के समय बाइक और एक कार भी दिखाई दे रही है। पीड़ित ने चोरों का पता बताने पर अपनी तरफ से 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
चंद्रवीर सिंह व वीरेंद्र सिंह निवासी रजापुर की शास्त्रीनगर में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात वह दुकान बंद करके गए थे। करीब तड़के 3:30 बजे चोरों ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब नौ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी तोड़ दिए। पीड़ित व्यापारी ने रविवार को कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज कलेक्ट की है। इससे पहले चोर दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गया था। आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे, जिससे उसकी पहचान न हो सके। फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा अन्य स्थानों से ली गई फुटेज में एक बाइक और कार भी दिखाई दे रही है। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में चोरी वाले समय की फुटेज ले रहे हैं। इससे आरोपी की आसानी से पता चल जाएगा। कार और बाइक के नंबर भी मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो भी व्यक्ति चोरों के बारे में बताएगा। उनको गोपनीय रूप से 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।