सड़क हादसों में एक
की मौत, चार घायल
- पटेल नगर मार्ग पर एसयूवी ने दो महिलाओं को टक्कर मारी
- विजय नगर में ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, जान गई
- हापुड़ चुंगी चौराहे पर बाइक सवार दो युवक हुए घायल
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद।
तीन सड़क हादसों में रविवार को एक युवक की मौत हो गई, दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। विजय नगर में ट्रक से कुचले निजी कंपनी कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य मामलों में एसयूवी कार ने दो महिलाओं और एक कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई और उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
विजय नगर में हुए सड़क हादसे में निजी कंपनी का कर्मचारी रामप्रकाश (35) की मौत हो गई। एसएचओ विजयनगर नरेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे रामप्रकाश एनएच-24 पर तिगरी कट के पास पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रामप्रकाश के साले अनिल कुमार ने आरोपी ट्रक चालक आबिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आबिद को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य मामले में रविवार दोपहर करीब तीन बजे पटेल नगर मार्ग पर रोहन मोटर्स के पास एक एसयूवी ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिलाओं को पुलिस और स्थानीय लोगों ने एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, रविवार दोपहर हापुड़ चुंगी पर लालबत्ती पर एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हालांकि रफ्तार धीमी होने की वजह से उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। इन दोनों मामलों में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।