गेम खेलते महिला पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल
- कंट्रोल रूम पर तैनात हैं पुलिसकर्मी, रिसीवर को अलग रखकर फोन को व्यस्त रखने का आरोप
- एसएसपी ने दिए जांच के आदेश, कई माह पुराना बताया जा रहा वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद।
कंट्रोल रूम पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों का मोबाइल पर गेम खेलते हुए वीडियो वायरल होने से विभाग में हड़कंप मच गया। किसी ने यह वीडियो व्हाट्सएप और ट्विटर पर वायरल कर दिया है। लखनऊ से जवाब मांगा गया तो एसएसपी ने मामले की जांच एसपी कंट्रोल रूम को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो पुराना लग रहा है, फिर भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में दिख रहा है कि तीन-चार महिला पुलिसकर्मी वर्दी पहने ड्यूटी पर बैठी हैं और मोबाइल पर एक साथ गेम खेल रहीं हैं। वीडियो वायरल किए जाने के साथ-साथ आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी कंट्रोल रूम के फोन के रिसीवर को उठाकर अलग रख देती हैं, ताकि किसी की कॉल आए तो फोन व्यस्त मिले। यह वीडियो ट्विटर पर वायरल हुई तो मामला डीजीपी कार्यालय तक पहुंच गया। उन्होंने एसएसपी से जवाब मांगा है। एसएसपी हरिनारायण सिंह ने एसपी कंट्रोल रूम मनीष मिश्रा को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। मनीष मिश्रा का कहना है कि वीडियो कई माह पुराना लग रहा है। वीडियो में दिख रहीं महिला पुलिसकर्मियों ने गर्मियों की यूनिफार्म पहनी हुई है। उन्होंने कहा कि फोन व्यस्त करने का मामला नहीं है। कंट्रोल रूम पर आने वाली कॉल अब सीधे लखनऊ जाती हैं। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।