हज सेवा में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगने वाला गिरफ्तार
हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाली कंपनी के एमडी को विजय नगर पुलिस ने दबोच लिया है।
उसके पास से 155 लोगों के पासपोर्ट, रसीद बुक और पर्चे बरामद हुए हैं। आरोपी 200 से अधिक लोगों से 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है।
सीओ प्रथम मनीषा सिंह ने बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक से ठग कंपनी के मालिक कमलेश प्रसाद निवासी नॉर्थ परगना पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी केएस मक्का अलजजीरा कंपनी का एमडी है।
उसने अपने दो साथी मजहर अंसारी और रियाजुद्दीन के साथ मिलकर दो माह पहले क्रॉसिंग रिपब्लिक में कंपनी खोली। कंपनी ने पंपलेट बांटकर प्रचार किया। इसमें सऊदी अरब में हज यात्रियों की सेवा के नाम पर नौकरी दिए जाने का ऑफर था।
करीब 200 लोगों ने तीन हजार से 12.5 हजार रुपये तक फीस जमा करवाई। पासपोर्ट भी जमा किए। फीस जमा करवाने वालों को 13 जुलाई को बुलाया गया था। आरोप है कि जब 13 जुलाई को आवेदक कंपनी पहुंचे तो कंपनी बंद मिली।
इसके बाद उन्होंने थाना विजय नगर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एमडी कमलेश को धर दबोचा। कमलेश ने बताया कि मजहर अंसारी ने उसे 40 हजार की सैलरी का झांसा देकर कंपनी का एमडी बनाया और उसकी आईडी प्रूफ और अन्य दस्तावेजों का प्रयोग कर कंपनी बनाई। मजहर ही ठगी का मास्टर-माइंड है। पुलिस मजहर और उसके साथी रियाजुद्दीन की तलाश में जुटी है।
कंपनी ने सऊदी अरब की फ्लाइट का टिकट और रहने-खाने का खर्च देने का वादा आवेदकों से किया था। इतना ही नहीं प्लंबर, टेक्नीशियन, क्लीनर, कुक समेत सात पोस्ट के लिए आवेदन मांगे थे। इनके लिए 1050 से 1700 रियाल तक की सैलरी का ऑफर भी दिया था। नौकरी लगने से पहले सभी से साढ़े 12 हजार रुपये फीस ली गई थी।