ईवीएम में गड़बड़ी पर कांग्रेसियों का हंगामा, पुलिस ने की बदसलूकी
गाजियाबाद। एक ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर शुक्रवार को मतगणना स्थल पर जबरदस्त हंगामा हुआ। इस ईवीएम में कांग्रेस का एक भी वोट नहीं था। कांग्रेसियों ने प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाकर विरोध किया और मतगणना हाल में ही नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने आ गए। पुलिस ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष का कॉलर पकड़कर बाहर करने का प्रयास किया तो कांग्रेसी भड़क गए। कांग्रेसियों को बाहर खदेड़ने के लिए पुलिस ने उन पर लाठियां फटकारी।
कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी डॉली शर्मा का आरोप है कि प्रशासन ने सत्ता के दबाव में ईवीएम में गड़बड़ी की है। आरोप है कि टेबल नंबर-27 पर खोली गई एक ही नंबर की दो ईवीएम थीं। इनमें से एक में कांग्रेस को शून्य वोट मिला दर्शाया गया है। जबकि एक भी बूथ ऐसा नहीं था, जहां कांग्रेस को वोट न मिला हो। उन्होंने इसकी जांच की मांग निर्वाचन अधिकारियों से की तो उन्होंने अनसुना कर दिया। इस पर कांग्रेसियों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने मतगणना हाल में ही भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के पिता और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज के साथ एक एएसपी ने अभद्रता की तो उनका गुस्सा और चढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे कांग्रेसियों को धक्के देकर बाहर निकाला। इस धक्कामुक्की में कांग्रेस के एक बुजुर्ग नेता गिर भी पड़े। पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकार कर उन्हें बाहर खदेड़ दिया।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
वार्ड 82 के भाजपा प्रत्याशी विनय चौधरी ने चार मतों से बसपा प्रत्याशी की जीत पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि मतदान के दिन वार्ड के एक बूथ पर लगी एक ईवीएम सुबह नौ बजे खराब हो गई थी। इसकी काउंटिंग नहीं की गई और इस वजह से वह हार गए। उन्होंने विरोध जताया तो कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा ने भी ऐसी ही घटना जिक्र करते हुए विरोध जताया और यहां से हंगामे की शुरूआत हो गई।
कांग्रेस प्रत्याशी से बोले एएसपी, 20 लाठियां लगवाऊंगा
गाजियाबाद। कांग्रेसियों के साथ पुलिसकर्मियों ने मतगणना स्थल के अंदर घुसकर न केवल दबंगई दिखाई, बल्कि बदसलूकी भी की। एएसपी कंट्रोल रूम मनीष कुमार मिश्र ने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी डॉली शर्मा को बाहर निकल जाने की धमकियां देते हुए कहा कि उन्हें 20 लाठियां लगवाऊंगा। वह महिला से बात करने की मर्यादा भी भूल गए। एएसपी मनीष मिश्र अभद्रता करते हुए वीडियो में भी कैद हो गए। वायरल हुई वीडियो में एएसपी डॉली शर्मा से कहते हुए भी दिख रहे है कि ‘मुझे जानती नहीं हो तुम, कौन हूं मैं’। उन्होंने हंगामे की कवरेज कर रहे कई मीडियाकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की। कांग्रेसी इस वीडियो को अब निर्वाचन आयोग और महिला आयोग भेजने की बात कर रहे हैं। उधर, एएसपी मनीष मिश्र का कहना है कि उन्होंने इस तरह की बात नहीं कहीं। वह महिलाओं का सम्मान करते हैं।