ट्रांसपोर्टर की पत्नी से लूटी चेन
वैशाली सेक्टर-6 में मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर की पत्नी से चेन लूट ली। वारदात के दौरान महिला अपनी बेटी के साथ दुकान से दूध लेकर पैदल घर लौट रही थी।
घटना के दौरान महिला ने झपटमारों की बाइक का नंबर नोट कर लिया था और उसे पुलिस को दे दिया। पुलिस का कहना है कि बाइक नंबर के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है।
ट्रांसपोर्टर प्रशांत चौहान वैशाली सेक्टर-6 में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी गीतेश अपनी चार साल की बेटी के साथ मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे पास ही दुकान से दूध लेने गई थी।
वह दूध लेकर पैदल घर लौट रहीं थीं, तभी सोसायटी के गेट नंबर-1 के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर लिया और गीतेश के गले से चेन झपट ली।
उसने शोर मचाया तो बदमाशों तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और भाग गए। इंदिरापुरम एसएचओ सुशील दूबे ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए बाइक नंबर के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पीड़ित गीतेश ने बताया कि बाइक सवार दोनों बदमाश हेलमेट नहीं पहने थे। बाइक चला रहे बदमाश ने दाढ़ी रखी हुई थी। पीड़िता ने बताया कि बदमाश गेट नंबर एक के पास बनी दुकान पर खड़े थे, वहीं से वह उनका पीछा करते हुए सोसायटी के अंदर आए और चेन लूटकर भाग गए।