एसएसपी को सुनाई रिकार्डिंग, दो आरोपी हिरासत में
डासना में घर में घुसकर बीए की छात्रा और उसकी मां से मारपीट व छेड़छाड़ के दो आरोपियों को बुधवार को एसएसपी ऑफिस में ही हिरासत में ले लिया गया।
दोनों पक्ष एक दूसरे की शिकायत करने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे थे। पीड़ित छात्रा ने एसएसपी को आरोपी की धमकी भरी कॉल रिकार्डिंग सुनाई, जिसके बाद एसएसपी ने उन्हें ऑफिस में ही हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दे दिए।
डासना मसूरी निवासी छात्रा व उसकी मां बुधवार को पड़ोस में रहने वाले युवकों की शिकायत करने एसएसपी ऑफिस पहुंचीं थीं। छात्रा ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले लोगों का गंदा पानी उनके घर के सामने इकट्ठा हो जाता है।
इसे लेकर कुछ दिन पहले उनका पड़ोसियों से विवाद हो गया था। बीते रविवार को तीन पड़ोसी युवक उनके घर में घुस आए और उससे व उसकी मां से मारपीट और छेड़छाड़ की। आरोप है कि मसूरी थाने में मामले की शिकायत की तो उन्होंने कार्रवाई नहीं की।
उल्टा दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर लेकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। बुधवार को दोनों पक्ष एसएसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दी। छात्रा ने आरोपियों पर घर कब्जा करने की कोशिश का आरोप भी लगाया।
छात्रा ने आरोपी की एक धमकी भरी कॉल रिकॉर्डिंग भी सुनाई, जिसके बाद एसएसपी भड़क उठे। उन्होंने मसूरी थाना पुलिस को फटकार लगाई और ऑफिस आए दो आरोपी युवकों को हिरासत में लेने के आदेश दिए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। एसएसपी ने बताया कि स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। महिलाओं का मेडिकल कराया जा रहा है।