नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की तरफ से पहली बार आयोजित नीट-2019 (मेडिकल) की परीक्षा में रविवार को दो मुन्नाभाई पकड़े गए। पकड़े गए मुन्नाभाई डीपीएसजी मेरठ रोड में परीक्षा देने आए थे। पेपर शुरू होने के बाद प्रवेश पत्र को मूल फाइल से मिलान करने पर पता चला कि परीक्षा दे रहा युवक मुन्नाभाई है। इसके बाद पुलिस व प्रशासन की टीम बुलाकर दोनों को गिरफ्तार करा दिया गया।
सिहानी गेट थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि नीट का समय दोपहर दो से शाम पांच बजे के बीच था। परीक्षा शुरू होने के बाद कक्ष निरीक्षक द्वारा परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र को उनकी मूल फाइल से मिला रहे थे। जब दोनों मुन्नाभाई के प्रवेश पत्र को मूल फाइल में दिए गए डाक्यूमेंट से चेक किया गया तो मामला पकड़ में आया। दोनों मुन्नाभाई जिनकी जगह परीक्षा दे रहे थे, उनकी मूल फाइल में फोटो अलग-अलग थी।
दोनों पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पकड़े गए दोनों मुन्नाभाई में से एक पटना निवासी ऋषिकेश है, जो ऑस्टिन रयान बैरोय की जगह परीक्षा दे रहा था। जबकि दूसरी रणजीत सिंह विजयपुरा माधोपुरा जिला सीकर का रहने वाला है। यह जींतू दास की जगह परीक्षा दे रहा था। रणजीत मेडिकल की तैयारी कर रहा है। ऋषिकेश पटना के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर का छात्र है। परीक्षा देने के एवज में ऋषिकेश को डेढ़ लाख और रणजीत को एक लाख रुपये मिलने थे।