ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
ज्वालापुर क्षेत्र में जहर खाने से हुई एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई ने अपने पड़ोसियों पर जहरीली चाय पिलाकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कोर्ट को दिए प्रार्थनापत्र में अमजद निवासी मोहल्ला पांवधोई ने बताया कि उसके भाई की जान पहचान पड़ोस की युवती से थी। पिछले वर्ष युवती के परिजनों ने उसका निकाह भी कर दिया था। लेकिन फिर भी युवती उसके भाई के संपर्क में बनी हुई थी। आरोप है कि इस बात की जानकारी होने पर युवती के ससुराल पक्ष के लोग उसे छोड़ गए। 19 अप्रैल को गैस प्लांट रानीपुर के पास स्थित उसके मामा का खेत से फोन आया कि नौसब की तबियत खराब है। वह जानकारी मिलने पर पहुंचा और भाई को ज्वालापुर के एक निजी अस्पताल में लेकर आया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। आरोप है कि उसके मामा ने बताया कि उसके खेत पहुंचने से पहले वहां पर उस युवती की मां अफरोजा, पिता इकबाल, ताऊ इरफान और तहेरा भाई सलमान मौजूद थे, जिन्होंने ही चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसकी हत्या की है। आरोप है कि विरोध करने पर उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। स्थानीय पुलिस से भी न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।