स्कूटी सवार बदमाशों ने महिला का पर्स लूटा
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार बदमाशों ने महिला का पर्स लूट लिया। पर्स में 10 हजार रुपये थे। बदमाशों ने मोबाइल लूटने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाए। पीड़िता ने थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कविनगर थाना क्षेत्र की महेंद्रा एंक्लेव निवासी रेनू चौधरी नोएडा की एमएनसी में एचआर एग्जक्यूटिव हैं। शुक्रवार को उनकेखाते में सेलरी आई थी। उन्होंने मोबाइल खरीदने के लिए 10 हजार रुपये एटीएम से निकाल लिए। घर लौटने के दौरान रजापुर में अंबेडकर कट के पास वह आटो से उतरकर फोन पर बात करते हुए पैदल जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश आए और उन्होंने पर्स छीन लिया। आरोपियों ने फिर मोबाइल लूटने का प्रयास किया, लेकिन वह उसमें सफल नहीं हो सके। छीना झपटी केदौरान फोन जमीन पर गिरकर टूट गया। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई जा रही है। बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।