दहेज न मिलने पर विवाहिता को 14 घंटे बंधक बनाया
गाजियाबाद। पति ने शादी में कार और पांच लाख रुपये की डिमांड पूरी न होने पर पत्नी से मारपीट की और उसे 14 घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। पीड़िता ने सिहानीगेट थाने में आरोपी ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ मारपीट, धमकी और दहेज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिहानीगेट के शिब्बनपुरा निवासी रवींद्र सिंह डाक विभाग में लिपिक हैं और नवयुग मार्केट स्थित मुख्य कार्यालय में तैनात हैं। उन्होंने अपनी बहन सोनिया की शादी सात मई 2019 को मालीवाड़ा निवासी राहुल से की थी। राहुल निजी कंपनी में इंजीनियर है। सोनिया ने आरोप लगाया कि शादी में मिले दहेज से ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। वह लगातार दबाव बना रहे थे कि शादी में पांच लाख रुपये और एक कार चाहिए। मांग पूरी न होने पर 23 जून की रात को सोनिया केसाथ पति समेत ससुरालियों ने मिलकर मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया। पीड़िता 14 घंटे तक बंद रही। 24 जून की दोपहर बाद उसे कमरे से निकाला गया। पीड़िता ने किसी तरह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। परिजन विवाहिता को लेकर घर चले आए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिहानीगेट थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।