रिजनल डायरेक्टर के घर से दिनदहाड़े पांच लाख की चोरी
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर तीन निवासी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग के रिजनल डायरेक्टर के घर से चोर दिनदहाड़े करीब पांच लाख की नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान पीड़ित अपने ऑफिस और पत्नी व बच्चे बाहर घूमने गए हुए थे। पीड़ित के आफिस से घर लौटने पर चोरी का पता चला। घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद मिला है। चोर पड़ोसी के बंद मकान की छत से पीड़ित की छत पर पहुंचे और जाल तोड़कर घर में दाखिल हुए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वसुंधरा सेक्टर 3 के प्लॉट नंबर 1399 में टीएन गिरी परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग में रिजनल डायरेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नीतू की शादी हो गई है वह उन्हीं के घर में रहती है और वनस्थली स्कूल में टीचर है। जबकि उनके दामाद इंडियन नेवी में हैं। उनका बेटा पवन कुमार बांग्लादेश में नौकरी करता है। टीएन गिरी ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में उनका परिवार शिलांग घूमने गया है। वह घर पर अकेले हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह नोएडा स्थित आफिस चले गए। रात करीब आठ बजे घर लौटे तो मेनगेट को ताला खोलते ही दंग रह गए। घर में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। सारी आलमारियां खुली थीें। पत्नी की आलमारी से चार लाख के जेवर और 80 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद वह र्फ्स्ट फ्लोर पर बेटी के कमरे में गए तो वहां सारा सामान बिखरा हुआ था और जेवर गायब थे। बेटे के कमरे में लगा सीसीटीवी कैमरे का स्विच ऑफ था।
एक माह पहले ही लॉकर से घर लाए थे जेवर
पीड़ित ने बताया कि उनके सारे जेवर बैंक में लॉकर में रखे जाते हैं। एक माह पूर्व परिवार में किसी की शादी थी। इस दौरान बैंक से जेवर निकालकर घर लेकर आईं थी। चोरी की जानकारी मिलते ही शिलांग में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनकी बेटी उन्हें काफी समझाने का प्रयास कर रही है।