घर बुलाकर किशोरी से दुष्कर्म
मसूरी। किशोरी को घर ले जाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। दुष्कर्म के दौरान आरोपी का साथी बाहर पहरा दे रहा था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा है।
मसूरी थाना क्षेत्र की कालोनी में रविवार दोपहर 20 वर्षीय युवक पड़ोस में ही रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी को फुसलाकर घर ले गया। आरोपी को पता था कि घर के अंदर कोई नहीं है। आरोपी ने किशोरी को घर बुलाकर पहले बातें की, फिर उसे कमरे में खींच लिया और मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। निगरानी के लिए उसने अपने एक साथी को घर के बाहर पहरे के लिए छोड़ दिया था, जिससे घर की तरफ कोई व्यक्ति आए तो वह फोन करके सूचना दे दे। दुष्कर्म के बाद किशोरी को धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो हत्या कर देंगे। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और मां को घटना के बारे में बताया। किशोरी के पिता ने युवक के परिजन एवं पड़ोस के लोगों से शिकायत की, लेकिन उन्होंने बात नहीं सुनी। पीड़िता के पिता ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी प्रवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी फैजल के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी व पोस्को एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
दो दिन में दूसरी घटना
सोमवार को दुकान पर सामान ले गई कक्षा तीन की छात्रा को दुकानदार ने खींचकर छेड़छाड़ की थी। आठ वर्ष की बच्ची किसी तरह आरोपी से छूटकर घर पहुंची थी और माता पिता को मामले की जानकारी दी। पीड़ित के पिता ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो उल्टा उन्होंने पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोपी अभी तक फरार है।