प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन एक, भुगतान मिल गया दो बार
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना लगातार विवादों में हैं। पहले सरकारी जमीन कब्जाकर 2.5 लाख का अनुदान लेने और अब एक-एक आवेदकों को दो-दो बार किस्तों का भुगतान करने का मामला सामने आया है। डूडा विभाग ने आठ आवेदकों के बैंक खातों में दो-दो बार पहली किस्त की रकम भेज दी है। मामला पकड़ में आया तो अब शासन ने इसमें रिपोर्ट मांगी है। सूडा के अधिकारियों ने डीएम द्वारा अनुमोदन की गई नोटशीट को भी लखनऊ भेजने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला सिर्फ गाजियाबाद ही नहीं अन्य शहरों में भी पकड़ में आया है। इसकी वजह ऑनलाइन सिस्टम में गड़बड़ी बताई जा रही है। गाजियाबाद में कई आवेदकों के खातों में पहली किस्त की 50-50 हजार की रकम दो-दो बार ट्रांसफर कर दी गई। अब मामला पकड़ में आने पर सूडा के अपर निदेशक वीके सिंह ने इन आवेदकों से खाते में पहुंची अतिरिक्त रकम की वसूली करने के निर्देश दिए हैं। सूडा के अपर निदेशक ने ऐसी गड़बड़ियां दोबारा न होने की चेतावनी दी है। उन्होंने इसे वित्तीय अनियमितता माना है। ऐसा होने पर डूडा के परियोजना व सहायक परियोजना अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
---
ऐसे हुई गड़बड़ी
प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदकों को किस्तों का भुगतान करने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाती है। पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से लाभार्थियों को भुगतान किया जाता है। कई बार तकनीकी कमियों की वजह से यह भुगतान फेल दिखा दिया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद धनराशि खाते में ट्रांसफर हो जाती है। डूडा विभाग के कर्मचारी ऐसे मामलों की दोबारा जांच किए बिना ही दोबारा डिमांड जनरेट कर देते हैं। इसके चलते दो-दो बार भुगतान हो जाता है।
--
अपात्रों का ब्यौरा भी मांगा
सूडा विभाग के उच्चाधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र पाए गए आवेदकों का भी ब्यौरा मांगा है। उनकी निकायवार, डीपीआर संख्या और परियोजना वार ब्यौरा तलब किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपात्र आवेदक को योजना में धनराशि का भुगतान न किया जाए। ऐसा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
---
कोट
ऑनलाइन सिस्टम में गड़बड़ियों की वजह से कुछ आवेदकों के खाते में प्रथम किस्त की रकम दो-दो बार चली गई थी। उनसे यह रकम वापस ली जा रही है। ऐसी गड़बड़ी दोबारा न हो इसके लिए अतिरिक्त ध्यान रखा जा रहा है। रिकवरी संबंधित जानकारी शासन को भी दे दी गई है। - पवन कुमार शर्मा, परियोजना अधिकारी, डूडा