स्कूल संचालक के अधिवक्ता बेटे से कार लूटने की कोशिश
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के दयानंद नगर में गाड़ी हटवाने के लिए हॉर्न बजाने पर कुछ युवकों ने स्कूल संचालक के अधिवक्ता बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने कार लूटने की कोशिश भी की। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर दी है।
मॉडल टाउन में रहने वाले व जिंदल पब्लिक स्कूल के एमडी रामअवतार जिंदल का दफ्तर दयानंद नगर में है। उनके मुताबिक बेटे शिवम जिंदल दिल्ली कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। रविवार शाम शिवम सैलून से लौटकर दयानंद नगर में उनके दफ्तर आए थे। करीब सात बजे वहां से लौटने लगे तो उनकी कार के आगे एक अन्य कार खड़ी थी। शिवम ने आगे से कार हटवाने के लिए अपनी कार का हॉर्न बजाया। इसी दौरान कार में सवार तीन युवक आए और शिवम से कार का शीशा नीचे करने के लिए कहा। शीशा नीचे करते ही आरोपियों ने शिवम को बाहर खींच लिया और मारपीट करने लगे। इसी बीच दफ्तर में मौजूद राम अवतार व एक अन्य मौके पर आए और बीच बचाव किया। शोर सुनकर अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने सिहानीगेट थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।