होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाने के दौरान रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल
गाजियाबाद। होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाने में रिश्वत लेने के आरोप तो कई बार लग चुके हैं, अब रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी इस वीडियो को कई साल पुराना बता रहे हैं।
रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति बैठकर रजिस्टर में होमगार्ड्स जवानों के नाम लिख रहा है। दूसरा होमगार्ड गाजियाबाद के चौराहों-तिराहों पर लगाई जाने वाली ड्यूटी के प्वाइंट के नाम ले रहा है। चौराहो-तिराहों के नाम लेते ही होमगार्ड रजिस्टर में नाम दर्ज करने वाले व्यक्ति के पास जा रहे हैं और जेब में से निकालकर रुपये देते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। यह काफी लंबा वीडियो है और माना जा रहा है कि होमगार्ड के किसी जवान ने ही चुपके से रिकार्डिंग की है। हालांकि होमगार्ड के डिप्टी कमाडेंट और एसपी ट्रैफिक इस वीडियो को कई साल पुराना बता रहे हैं।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
होमगार्ड्स के जवानों की कमाई वाले चौराहों पर ड्यूटी लगाने के नाम पर पैसा लेने के आरोप पहले भी कई बार लग चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि चौराहों-तिराहों पर ट्रकों और अन्य वाहनों से एंट्री वसूलने से मोटी आमदनी होती है। ऐसे में उन क्षेत्रों में ड्यूटी लगवाने के पैसे ज्यादा होते हैं, जहां से ट्रक या अन्य मालवाहक वाहन ज्यादा निकलते हैं।
यह वीडियो मेरे कार्यकाल से पहले का हैं। करीब चार-पांच साल पुराने इस वीडियो के मामले में उच्चाधिकारियों द्वारा जांच भी कराई जा चुकी है। अब किसी ने फिर से इस वीडियो को वायरल कर दिया है। - गिरिराज सिंह, डिप्टी कमांडेंट, होमगार्ड्स