ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
धौलाना । गांव ककराना के समीप बीती रात धौलाना - मसूरी मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नोएडा स्थित एक रशियन काल सेंटर में काम करता था। वहीं पुलिस को देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
ककराना गांव निवासी करीब तीस वर्षीय युवक जयप्रकाश राघव उर्फ जेपी पुत्र सोमपाल सिंह शनिवार रात करीब सवा दस बजे धौलाना से कुछ सामान लेकर लौट रहा था। तभी गांव के समीप ही पेट्रोल पंप को पार करते ही सामने से आ रहे एक तेज गति ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस व परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीछा करके सपनावत पुलिस चौकी पर ट्रक को पकड़ लिया। लेकिन मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक फरार हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वहीं शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।