उधार दिए रुपये मांगने पर साले ने बहनोई को पीटा
धौलाना। साले को उधार दिए डेढ़ लाख रुपये मांगना बहनोई को भारी पड़ गया। सुसराल पहुंचे बहनोई लोकेश की उसके साले व साढ़ू ने पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल लोकेश का मेरठ के मीमेंस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर थाना धौलाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मेरठ निवासी लोमेश पुत्र दल सिंह ने पुलिस को बताया कि दो बच्चों के पिता लोकेश की शादी चार साल पहले खिचरा निवासी धर्म सिंह की पुत्री शीतल के साथ हुई थी। पत्नी के कहने पर लोकेश ने ड़ेढ लाख रुपये अपने साले पवन को उधार दे दिए थे। बार-बार रुपये मांगने पर पवन बहाना बनाकर टरकाता रहा। एक पखवाड़े पूर्व जब लोकेश सुसराल आकर पवन से अपने रुपये मांगे। इसी दौरान लोकेश का अपनी पत्नी शीतल से विवाद हो गया। मौके पर पहले से मौजूद साढू राजेश व साले पवन ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद लोकेश ने फोन से अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल लोकेश को गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होते देख परिजन उसे मेरठ के मीमेंस हास्पिटल लेकर पहुंचे। मामले मेें पीड़ित के भाई लोमेश की तहरीर पर थाना धौलाना में पवन व राजेश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो