बीमार पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतारा
धौलाना। स्वार्थ की दुनिया में रिश्ते कितने बेमानी हो रहे हैं, इसकी बानगी शुक्रवार रात गांव बझैड़ा खुर्द में देखने को मिली। बीमार पत्नी से पीछा छुड़ा दूसरा निकाह करने के लिए पति ने देर रात पत्नी को अपने तमंचे से गोली मार उसकी हत्या कर दी। घटना को छुपाने की साजिश रचते हुए पति ने पुलिस को सूचना दे बताया कि बदमाशों ने घर में डाका डालने के दौरान विरोध करने पर पत्नी को गोली मार दी है। पुलिस द्वारा छानबीन की गई तो हकीकत सामने आई।
गांव बझैड़ा कलां निवासी जहीर राणा पुत्र फैज मौहम्मद ने अपनी बेटी तब्बसुम का दस साल पूर्व गांव में ही यूनुस पुत्र शौकीन से निकाह कर दिया था। बेटी से चार बच्चे पैदा हुए। एक बच्चे की मौत हो गई थी। तब्बसुम को गुटखा खाने की लत लग गई और उसके मुंह में कैंसर हो गया। करीब चार साल से बेटी बीमार चल रही थी। इससे तंग आकर दामाद यूनुस का मन तब्बसुम से खिन्न रहने लगा। मृतका के पिता जहीर राणा ने बताया कि दामाद तब्बसुम से पीछा छुड़ा दूसरा निकाह करने की योजना काफी समय से बना रहा था। इसका जिक्र बेटी ने पहले कई बार उनसे किया था।
बीती रात दूसरा निकाह करने की योजना को अमली जामा पहनाते हुए दामाद ने ड्रामा रचते हुए पहले बेटी को गोली मारकर उसकी हत्या की फिर बदमाशों द्वारा घर में डाका डालने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना चाहा। सूचना पर पहुंची 100 डायल ने थानाध्यक्ष को अवगत कराया। खबर लगते ही बीती रात मृतका के पिता जहीर राणा व परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता ने बेटी के घर पहुंच कर जब बेटी की हत्या के बारे में दामाद से पूछताछ की तो शक होने पर पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बीमार बेटी के इलाज से पति परेशान था। पिता के शक पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारी हकीकत सामने आ गई।
थानाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पति अपनी ही रची कहानी में उलझ गया। पति ने पुलिस के समक्ष अपनी करतूत का खुलासा किया तो पुलिस सन्न रह गई। मृतका के पिता बझैड़ा कला निवासी जहीर राणा पुत्र फैज मौहम्मद की तहरीर पर पुलिस ने तब्बसुम की हत्या में यूनुस पुत्र शौकीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति की निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।