स्कूल में टूटी बच्चे की कोहनी शिक्षकों ने कक्षा में बैठाए रखा
गाजियाबाद। मोटी फीस वसूलने के बाद भी निजी स्कूल बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। नेहरू नगर स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल में बुधवार को पांचवीं कक्षा के एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। बच्चा दर्द से तड़पता रहा लेकिन स्कूल प्रबंधकों एवं शिक्षकों ने उसे अस्पताल तक ले जाना जरूरी नहीं समझा। आधे घंटे बाद अभिभावकों के आने पर बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।
नेहरू नगर स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल में बुधवार को पांचवीं कक्षा के छात्र शिवांश यादव के दाएं हाथ की कोहनी में क्लास में चोट लग गई, जिससे कोहनी की हड्डी टूट गई। शिवांश के पिता मनीष यादव का आरोप है कि बुधवार को क्लास में किसी बच्चे के पैर अड़ाने की वजह से उनका बेटा गिर गया और उसकी कोहनी में फ्रैक्चर हो गया। कोहनी से खून निकलने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने उपचार की व्यवस्था नहीं की। बच्चे के कहने पर शिक्षक ने उनसे बात कराई, जिसके बाद करीब आधे घंटे में वह मेरठ रोड से स्कूल पहुंचे। बेटे को क्लास में बैठा रखा गया था और उसके हाथ से खून बह रहा था। स्कूल बच्चे को अस्पताल तक नहीं ले गया। बच्चे को अस्पताल लेकर जाने पर फ्रैक्चर का पता चला। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुराना बस अड्डा चौकी पर शिकायत की गई है। उनका आरोप है कि पहले भी दो बार उनका बच्चा स्कूूल में चोटिल हो चुका है, तब भी डॉक्टर के पास ले जाने के बजाए बेटे को घर भेज दिया गया था। उधर, स्कूल प्रबंधक वरुण यादव ने मामले की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया। उनका कहना था कि वह शहर से बाहर हैं और पूरी जानकारी के बाद ही कुछ कह सकेंगे।