गैंग लीडर गिरफ्तार, दो हत्यारोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांधी फाटक ओवरब्रिज के नीचे गोली मारकर चांद मोहम्मद की हत्या करने के मामले में बृहस्पतिवार को दो नामजद हत्यारोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जबकि हत्यारोपी गैंग के लीडर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में एक हत्यारोपी को एक सप्ताह पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस हत्याकांड में छह हत्यारोपी शामिल थे। इसमें चार आरोपियों के जेल जाने के बाद अब पुलिस ने दो फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
3 दिसंबर की रात मोहल्ला सददीकपुरा निवासी चांद मोहम्मद शादी समारोह में मजदूरी कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में गांधी फाटक ओवरब्रिज के नीचे पैदल हमलावरों ने चांद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद हमलावर नजदीक के मोहल्ला सददीकपुरा पहुंचे, यहां घर के बाहर खड़े चांद के दोस्त लाल (35) को भी गोली मार दी थी। गोली लाल के पेट में लगी थी। लोगों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घायल लाल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दानिश, सलमान, शहजाद और वसीम उर्फ छोटे सहित चार नामजद और दो अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। इसमें से पुलिस वसीम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को हत्यारोपी दानिश को परतापुर रोड से मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार कर किया गया है। हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हो गया है। वहीं दो हत्यारोपी सलमान और शहजाद ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। लेकिन अभी भी दो हत्यारोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बॉक्स : पुलिस कस्टडी से भाग चुका है हत्यारोपी दानिश
पिलखुवा। चांद मोहम्मद की हत्या में पकड़ा गया आरोपी दानिश शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पिलखुवा, हापुड़, हापुड़ देहात में करीब 7 मुकदमें दर्ज हैं। उक्त बदमाश 2015 में हापुड़ देहात क्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भी फरार हो चुका है। ब्यूरो