कांस्टेबल और होमगार्ड को पीटा
सिरोधन गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची डायल 100 के चालक द्वारा साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाने पर रास्ता घेर कर खड़े दबंगों ने होमगार्ड व कांस्टेबल की पिटाई कर उन्हें बंधक बना लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटो की मशक्कत के बाद होमगार्ड व चालक को दबंगों के कब्जे से छुड़ाकर इलाज के लिए के लिए अस्पताल भेजा।
थाना प्रभारी की सूचना पर पहुंचे पुलिस बल ने दबंगों की धरपकड़ के लिए पूरी रात दौड़ भाग की लेकिन उन्हें पकड़ा नहीं जा सका। हालांकि पुलिस ने नौ मजदूरों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना धौलाना की सपनावत चौकी एरिया मे तैनात डायल 100 नंबर 2997 पीआरबी झगड़े की सूचना पर गांव सिरोधन में बुंदा पुत्र बिल्लू के घर की ओर जा रही थी।
यहां रास्ते में खड़ी बाइक व युवकों को देख चालक ने हार्न बजाया। कई बार हार्न बजाने के बाद भी जब रास्ते में खडे़ युवकों ने बाइक नहीं हटाई तो होमगार्ड सुंदर सिंह ने उतर कर रास्ता छोड़ने को कहते हुए युवकों से अभ्रदता कर दी।
इससे गुस्साए वहां खड़े दबंगों ने होमगार्ड सुंदर सिंह की पिटाई कर दी। होमगार्ड को पिटता देख कांस्टेबल दीपक कुमार ने विरोध किया तो युवकों ने उसकी भी पिटाई कर दोनों को बंधक बना लिया।
इसकी सूचना ड्राईवर मुकेश ने चौकी प्रभारी बलराम सिंह सेंगर को दी । सूचना के बाद पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी बलराम सिंह वहां पहुंचे। पुलिस को देख दबंग वहां से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस बंधक बनाए गए होमगार्ड व कांस्टेबल दीपक को खोजने में जुट गई। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए डेयरी पहुंची और घायल होमगार्ड व कांस्टेबल को जिला अस्पताल ले गई। यहां घायलों का उपचार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी जनक सिंह ने बताया कि आरोपी दबंग लोगों की खोजबीन की जा रही है। इस दौरान डेयरी पर मिले नौ लोगों को हिरासत में लिया गया । पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वह डेयरी पर मजदूरी करते हैं।
पुलिस ने सिरोधन निवासी नवीन व सुधीर पुत्र सूबेदार, जीत सिंह पुत्र बलवीर , नवीन पुत्र इंद्रपाल समेत सात अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।